PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को भीनमाल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। विभागीय टीम के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही कई कथित झोलाछाप संचालक अपने क्लिनिकों पर ताला लगाकर मौके से चले गए। कार्रवाई के दौरान दांतीवास गांव में एक अवैध क्लिनिक को सीज किया गया।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश जाम्भाणी औरजालोर की ड्रग इंस्पेक्टर पुष्पा सोलंकी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने दांतीवास, पुनासा, नोहरा और निंबावास सहित विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया।
इस दौरान क्लिनिकों और मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जिन संस्थानों में दस्तावेजी कमियां मिलीं, उनके संचालकों को विभागीय कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए गए।
बंद क्लिनिकों पर चस्पा किए नोटिस
निरीक्षण के दौरान कई क्लिनिक बंद मिले। विभाग ने ऐसे क्लिनिकों के बाहर नोटिस चस्पा कर संचालकों को तीन कार्यदिवस के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश जाम्भाणी ने बताया कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगामी दिनों में भी औचक निरीक्षण किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


