PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-शहर के मीरपुरा गांव की कीबला नाड़ी के पास सोमवार शाम को झाड़ियों में करीब 8 फीट लंबा अजगर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अजगर उस समय एक खरगोश का शिकार कर उसे निगल रहा था। घटना के दौरान आसपास चर रहे मवेशी भी घबराकर इधर-उधर भाग गए।
जानकारी के अनुसार, मवेशी चरा रहे युवकों की नजर झाड़ियों में बैठे अजगर पर पड़ी। अजगर को खरगोश का शिकार करते देख युवकों ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसकेबाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कावतरा सरपंच गजेसिंह चंपावत भी घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर वन विभाग के जुंजाणी जोड़ के वनपाल गजाराम चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ा और बाद में उसे जुंजाणी जोड़ के जंगल में प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।


