PALI SIROHI ONLINE
सुरेश औदीच्य
भांटूद की ताप्ती नदी में इस सीजन पहली बार पहुंचा पानी, किसानों के खिले चेहरे
बाली। बाली उपखंड के भांटूद गांव में क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश के बाद ताप्ती नदी में इस मानसून सीजन पहली बार पानी की आवक हुई। नदी में पानी पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते ताप्ती नदी में पानी बहना शुरू हो गया है। लंबे इंतजार के बाद नदी में पानी आने से गांव में उत्साह का माहौल है और लोगों ने इसे अच्छी बारिश का शुभ संकेत माना है।
किसानों का कहना है कि इस बारिश से कपास, अरंडी सहित खरीफ की अन्य फसलों को पर्याप्त लाभ मिलेगा। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और आगामी दिनों में अच्छी पैदावार की उम्मीद है।
वहीं, बेड़ा क्षेत्र की जवाई नदी में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। नदी में पानी आने से आसपास के किसानों को राहत मिली है तथा क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
वीडियो


