• April 26, 2026

बेडा के राजू राठौड़ के 9 साल के बेटे की उपचार के दौरान मौत, परिजनों ने हंगामा कर डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप, जांच कमेटी गठित

PALI SIROHI ONLINE

बाली उपखण्ड के नाना थाना क्षेत्र के बेड़ा गांव निवासी राजू राठौड़ के नौ साल के बेटे रूद्राक्ष की पाली की बागड़ हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

परिजनों ने बागड़ हॉस्पिटल में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती जिसके चलते बच्चे की मौत हुई। परिजनों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हॉस्पिटल प्रबंधन को लिखित में शिकायत दी है।

बेड़ा गांव निवासी राजू राठौड़ के नौ साल के बेटे रूद्राक्षको दस्त, बुखार और उल्टी होने पर परिजन शनिवार शाम पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले गए थे। यहां बच्चे को पीआईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया। लेकिन रविवार को रुद्राक्ष की डेथ हो गई। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने बच्चे की नाक में नली डाली जिसके बाद उसके मुंह से खून बहने लगा। नली डालने के बाद उसकी हालत में फिर सुधार नहीं हुआ और मौत हो गई। उन्होंने मामलें में डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

9 साल के बेटे की अचानक मौत से माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। रुद्राक्ष के पिता राजू राठौड़ रोते-रोते बस एक ही बात बोलते रहे कि अगर डॉक्टर लापरवाही न बरतते तो आज उनका बेट जिंदा होता।

राजू ने बताया कि उसके दो बेटे 9 साल का रूद्राक्ष और 2 साल का खुसमित है। राजू शादी समारोहों में बैंड बजाने का काम करता है। फिलहाल परिवार के साथ बेड़ा में रहता है।

मामले में बांगड़ हॉस्पिटल के कार्यवाहक पीएमओ डॉक्टर आरके विश्नोई ने बताया कि 9 साल के एक बच्चे को शनिवार शाम भर्ती किया गया था। जिसकी रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए लिखित में शिकायत दी है। कमेटी बनाकर मामले की जांच करवाएंगे।

You cannot copy content of this page