
PALI SIROHI ONLINE
पाली जिले में हर घर तिरंगा अभियान, रंगोली पोस्टर प्रतियोगिता व तिरंगा रैली का आयोजन, हर तरफ नजर आया तिरंगे का रंग*
पाली, 8 अगस्त। केन्द्र व राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 अगस्त स्वाधीनता दिवस तक हर घर तिरंगा अभियान के लिये अनेक आयोजन किये जा रहे है। अभियान का उदेश्य घरों, स्कूलों और समुदायों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को बढ़ावा देना है।
इस अभियान के तहत लोगों को अपने घरों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाना है। आज इसी क्रम में जिले में विभिन्न क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों में बच्चों ने उत्साह से तिरंगा रैली, पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लिया।
हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान के तहत नगर पालिका तखतगढ़ क्षेत्र में स्थित बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तखतगढ़ में रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी जिसमें बालिकाओं ने विभिन्न प्रकार से तिरंगे के रंगों को उकेरा। इस अवसर पर अनेक बच्चे मौजूद रहे। इसी प्रकार संस्था प्रधान वोराराम पनुशा के सानिध्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरनडी में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता और रैली का आयोजन किया गया जिसमें स्थानीय विद्यालय के अध्यापक एवं छात्रों ने पूर्ण रूप से अपनी सहभागिता साथ देकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया गया।
इसी प्रकार बाली में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य हितेश रामावत ने बताया कि तिरंगा सम्मान रैली में विद्यालय से पंचायत भवन तक नारों, भारत मां की जयकारों के साथ ग्रामीण जन भी रैली में जोश के साथ सम्मिलित हुए।
रैली में सरपंच राजाराम एवं समस्त स्टाफ साथी उपस्थित थे। इसी प्रकार जिले के नगरीय निकायों में भी तिरंगा फहराना, रंगोली आदि विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।






