PALI SIROHI ONLINE
परमार बने निजी शिक्षण संघ बाली के निर्विरोध अध्यक्ष
बाली , 2 अगस्त। टैगोर उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेवाड़ी में रविवार को निजी शिक्षण संघ बाली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें ब्लॉक के निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लिया।
बैठक में अध्यक्ष पद के लिए मांगीलाल परमार (फालना) एवं शक्ति सिंह चौहान (श्रीसेला) ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इसके बाद संगठन की कोर कमेटी ने दोनों पक्षों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। संगठन की एकता एवं निजी विद्यालयों के व्यापक हित को सर्वोपरि रखते हुए कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से श्री मांगीलाल परमार के पक्ष में निर्णय लिया।
इसके उपरांत उन्हें आगामी कार्यकाल के लिए निजी शिक्षण संघ बाली का निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से फ़नेन्द्र त्रिवेदी को निजी शिक्षण संघ बाली का सचिव नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सचिव का उपस्थित विद्यालय संचालकों ने पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने संगठन की एकता बनाए रखने, निजी विद्यालयों के हितों की प्रभावी पैरवी करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मांगीलाल परमार ने सभी विद्यालय संचालकों एवं कोर कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का प्रयास करेंगे तथा निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक अनंत नारायण सिंह, महेश शर्मा , पूर्व अध्यक्ष प्रताप सिंह भाटी, मोहनलाल गुज्जर तथा कोर कमेटी के सदस्य जगदीश परिहार, मोहनलाल चौधरी, बाबूलाल चौधरी, छोगाराम भटनागर, राहुल वैष्णव एवं जितेंद्र सिंह राणावत के साथ प्रतीक्षित सिंह एवं रोहित तिवारी सहित ब्लॉक के अनेक विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।


