PALI SIROHI ONLINE
बाली (पाली)। बाली उपखंड क्षेत्र के केरापुरा गांव में रविवार को एक किसान पर लेपर्ड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार केरापुरा निवासी 60 वर्षीय गुलाब सिंह अपने बेरे से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक सामने आए लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान गुलाब सिंह के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख लेपर्ड जंगल की ओर भाग गया।
लेपर्ड के हमले में गुलाब सिंह के हाथ तथा नाक के पास गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत बाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
घटना के बाद आबादी क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार बढ़ती गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा लेपर्ड की निगरानी कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।


