PALI SIROHI ONLINE
बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत का सियासी दबदबा बरकरार, बाली और देसूरी पंचायत समिति में भाजपा का बोर्ड बनाने में रहे सफल
लगातार छठी बार विधायक बने पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने फिर कायम रखा जनता का विश्वास, बाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मिली बड़ी सफलता
पाली। राजस्थान के पाली जिले की बाली विधानसभा से लगातार छह बार भाजपा के विधायक रहे एवं पूर्व राज्य मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने एक बार फिर क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ और जनाधार साबित किया है। बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के प्रयासों से बाली विधानसभा क्षेत्र की बाली एवं देसूरी पंचायत समितियों में भाजपा का बोर्ड बनने का रास्ता साफ हुआ है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व संपन्न हुए नगर पालिका चुनावों में भी बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने अपने आत्मीय व्यवहार और क्षेत्र की जनता के साथ मजबूत जुड़ाव के चलते बाली, फालना एवं सादड़ी तीनों नगर पालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। क्षेत्र की जनता ने भाजपा को समर्थन देकर विधायक के प्रति अपना विश्वास कायम रखा।
वहीं इस बार राजस्थान में हुए जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने 23 जिलों में जबकि भाजपा ने 5 जिलों में जीत दर्ज की। इसके बावजूद पाली जिले की बाली विधानसभा क्षेत्र की जिला परिषद सीटों पर भाजपा को सफलता दिलाने के लिए बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के प्रयास सफल रहे।
विकास और जनसेवा को बताया जीत का आधार
बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने पाली सिरोही ऑनलाइन से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व एवं प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के मार्गदर्शन में बाली विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कभी भी क्षेत्र की जनता के साथ पार्टी पॉलिटिक्स नहीं की। उनका उद्देश्य हमेशा सभी वर्गों का विकास और पूरे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास रहा है। जनता के प्रति इसी भावना, निरंतर प्रयास और समर्पण का परिणाम है कि आज बाली विधानसभा क्षेत्र की बाली एवं देसूरी दोनों पंचायत समितियों में भाजपा का बोर्ड बनने का रास्ता साफ हुआ है।
उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास और समर्थन दिया है, उस पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।


