PALI SIROHI ONLINE
बाली ब्लॉक काग्रेस अध्यक्ष यशपाल सिंह राजपुरोहित ने ट्रेन संख्या 22664 जोधपुर- ताम्ब्रम (चेन्नई एक्सप्रेस) के प्रस्थान समय में परिवर्तन कर जोधपुर से सायं लगभग 6:00 बजे संचालित करने बाबत रेल मंत्री के नाम बाली उपखण्ड अधिकारी दिनेश विश्नोई को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में लिखा कि ट्रेन संख्या 22664 जोधपुर- ताम्ब्रम (चेन्नई एक्सप्रेस) राजस्थान एवं दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले हजारों प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आम यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रेल सेवा है।
वर्तमान में जोधपुर से मध्य रात्री 12.15 बजे इस ट्रेन का समय ऐसा है कि पाली लगभग 1.30, फालना लगभग 3 एवं आबूरोड लगभग 4.25 बजे जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यह रात्रि के समय पहुंचती है। इन क्षेत्रों से यात्रा करने वाले अनेक यात्री 20/50 से 100 किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं। रात्रिकाल में उन्हें निजी एवं सरकारी बसों सहित अन्य परिवहन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाती हैं, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों को मजबूरी में महंगे किराए पर निजी वाहन करना पड़ता है अथवा कई-कई घंटे रेलवे स्टेशन एवं प्लेटफॉर्म पर रात्रि व्यतीत करनी पड़ती है। इससे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रवासी श्रमिकों को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस लिए जनहित एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 22664 जोधपुर-चेन्नई एक्सप्रेस का प्रस्थान समय परिवर्तित कर जोधपुर से सायं लगभग 6:00 बजे निर्धारित करने की कृपा करें, जिससे पाली, फालना एवं आबू रोड क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक समय पर रेल सेवा उपलब्ध हो सके।


