PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखण्ड के धणी ग्राम में 35 वर्षों से सुबह 7 बजे आने वाला पानी का समय अब अनियमित, ग्रामीण परेशान
पाली जिले की बाली तहसील के ग्राम धाणी में स्थित मालियों का बास एवं गजानंद जी की गली के निवासियों को पिछले कुछ समय से पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग 35 वर्षों से नियमित रूप से सुबह 7 बजे पानी की सप्लाई होती थी, जिससे लोगों की दैनिक दिनचर्या सुचारू रूप से चलती थी।
ग्रामीणों के अनुसार जब से जलापूर्ति व्यवस्था ठेके पर दी गई है, तब से पानी का समय पूरी तरह अनियमित हो गया है। कभी रात 10 बजे पानी छोड़ा जाता है, कभी सुबह 10 बजे और कभी शाम को सप्लाई दी जाती है। अचानक बदलते समय के कारण लोगों को पानी भरने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है तथा कई बार पर्याप्त पानी भी नहीं मिल पाता।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्धारित समय पर पानी नहीं आने से महिलाओं, बुजुर्गों एवं विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि पेयजल आपूर्ति को पुनः निर्धारित समय पर नियमित किया जाए तथा ठेका व्यवस्था के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।


