PALI SIROHI ONLINE
बागौड़ा-बागोड़ा के नांदिया गांव में खेत में फव्वारा फेरते समय करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह हुई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मृतक के भाई मेहराराम पुत्र दोनाराम ने बताया कि उसका भाई धनाराम (44) निवासी नांदिया बुधवार सुबह करीब 10 बजे खेत में फव्वारा चला रहा था। इसी दौरान वह बिजली के तार के संपर्क में आ गया औरकरंट लगने से मौके पर ही बेहोश हो गया।
हादसे के बाद मेहराराम, गणेशाराम और मसराराम धनाराम को तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बागोड़ा के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

