PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
बाड़मेर व जालोर क्षेत्र से विशाखापट्टनम के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन प्रतिदिन चलाने की उठी मांग;’यात्री सुविधा सेवा समिति’ ने रेल मंत्री को भेजा पत्र
तखतगढ 27 अक्टूबर (खीमाराम मेवाडा)
यात्री सुविधा सेवा समिति,जालोर समदड़ी- भीलड़ी रेल खंड द्वारा मंगलवार को केन्द्रीय रेल मंत्री से लेकर रेल्वे बोर्ड के अध्यक्ष को एक ज्ञापन भेजकर बाड़मेर या भगत की कोठी से भीलड़ी व सिकंदराबाद होते हुए विशाखापट्टनम तक एक नई सुपरफास्ट ट्रेन प्रतिदिन चालू करवाने की मांग की गई है। समिति के अध्यक्ष हीराचन्द भण्डारी द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि इस क्षेत्र के यात्रियों की यह लंबे समय से एक प्रमुख मांग रही है। इस खंड के लाखों व्यापारी दक्षिण भारत के विभिन्न कोनों में व्यवसाय करते हैं, वहीं बाड़मेर सीमा पर तैनात देश के कई सैनिक भी दक्षिण भारत से ताल्लुक रखते हैं।
इस नई ट्रेन के संचालन से क्षेत्र के सैकड़ों यात्रियों और देश की रक्षा में लगे सैनिकों को सीधी ट्रेन सेवा का बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही, यह ट्रेन चार राज्यों से गुजरेगी जिससे यात्रा सुगम होगी और रेलवे को भी अच्छा राजस्व प्राप्त होगा।
समिति ने रेल मंत्री से इस जनहित की मांग को जल्द स्वीकार कर नई ट्रेन के संचालन की घोषणा करने का विनम्र आग्रह किया है।



