
PALI SIROHI ONLINE
पोसालिया-पोसालिया | निकटवर्ती अरठवाड़ा व भेव में जलसंसाधन विभाग की नहर संख्या 3 से 5 में सालों से नहर की सफाई नहीं की है। इससे बारिश के समय उसमें पानी प्रवाहित नहीं हो पाता है। नहर के पश्चिम दिशा के कुओं का जल स्तर 160 फीट नीचे चला गया है। कई कुंए पूरी तरह सूख गए हैं। इसे लेकर पूर्व में क्षेत्र के किसान विभाग में शिकायत कर चुके हैं।बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
किसानों ने बताया कि नहर में बबूल की कांटेदार झाड़ियां व नालों में कचरा पड़ा है। बारिश से पहले नहर की सफाई नहीं पर किसानों को सिंचाई का पानी नहीं मिल पाएगा। किसान हिम्मत सिंह भेव ने बताया कि नहर की सफाई की समस्या को लेकर जनसुनवाई में पंचदेवल नहर पर बनी नहर नंबर 4 और 5 में पानी नहीं आने की समस्या उठाई थी। पंचायती राज मंत्री ओटाराम देवासी ने विभाग के अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। बावजूद कोई कार्य नहीं हो पाया। आगामी दिनों मानसून आने वाला है। ऐसे में किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में जलसंसाधन विभाग के जेईएन पृथ्वी सिंह का कहना है कि नहर संख्या 1 से 8 तक की नहर की सफाई व मरम्मत का टेंडर हो चुका है। वर्कऑर्डर जारी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।


