आबूरोड में विवाहिता की संदिग्ध मौतः पिता ने पति पर लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज किया
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के टाकिया गांव में एक विवाहिता की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर लंबे समय से प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टाकिया निवासी ममता की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसके पति उसे राजकीय अस्पताल ले गए थे। उपचार के दौरान ममता की मृत्यु हो गई। सूचनामिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्च्यूरी में रखवाया।
मृतका की बहन वर्षा ने बताया- शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ममता ने उसे फोन कर बताया था कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है और उसे लेने के लिए बुलाया था। वर्षा तत्काल आबूरोड पहुंची, लेकिन सुबह करीब 9 बजे उप जिला अस्पताल पहुंचने तक ममता की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता, भाई और अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
मृतका के पिता जोवना राम पुत्र मना राम निवासी निमली फली वाटेरा ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिरिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से आरोपी पति शराब के नशे में ममता के साथ मारपीट करता था। वह उसे बांझ होने का ताना देता था और कथित रूप से कहता था कि शादी को छह साल हो गए, लेकिन अभी तक संतान नहीं हुई, इसलिए वह दूसरी शादी कर लेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को मोर्युरी में रखवाया तथा पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
