PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित हनुमान टेकरी कट पर लंबे समय से प्रस्तावित अंडरपास निर्माण योजना को मंजूरी मिल गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। संबंधित एजेंसी ने कार्यस्थल पर आवश्यक उपकरण और संसाधन जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
76 मीटर लंबा और स्पैन 12 मीटर होगा
जानकारी के अनुसार, हनुमान टेकरी कट पर लगभग 30.51करोड़ रुपए की लागत से चार लेन व्हीकल अंडरपास बनाया जाएगा। इस परियोजना का कार्य सीरत कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है, जिसका संपादन एनएचएआई की पालनपुर इकाई की निगरानी में होगा। अंडरपास की प्रस्तावित लंबाई करीब 76 मीटर और स्पैन 12 मीटर होगा।
हनुमान टेकरी कट ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित
यह अंडरपास इस ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायक होगा। एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक, हनुमान टेकरी कट को लगातार दुर्घटनाओं के कारण ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है।
तीन साल में 13 हादसे, 11 मौतें हुई
वर्ष 2021 से 2024 के बीच यहां 13 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 11 लोगों की मौत हुई और 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। मंदिर, भाकर, निचलागढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोग प्रतिदिन इस कट का उपयोग करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
अंडरपास निर्माण की मांग की थी
इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने भी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर अंडरपास निर्माण की मांग उठाई थी, जिसकेबाद इसे स्वीकृति मिली।
अंडरपास बनने से हनुमान टेकरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं, भाकर, निचलागढ़ सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों और आबूरोड आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और इसे लगभग ढाई से तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


