
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड (सिरोही)-आबूरोड में गांधीनगर अंडर ब्रिज के निर्माण को लेकर अजमेर डिवीजन के उच्च अधिकारियों और स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष मगनदान चारण के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।
वर्तमान में, गांधीनगर ओवर ब्रिज से लोगों को राहत मिली है। लेकिन बुजुर्गों, ठेला चालकों और साइकिल सवारों को ओवरब्रिज का उपयोग करने में कठिनाई होती है। इस कारण उन्हें चार किलोमीटर दूर लुनियापुरा अंडर ब्रिज से आवागमन करना पड़ता है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीवरेज लाइन और चेंबर से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की। समाधान के रूप में राजा कोठी की भूमि के उपयोग का प्रस्ताव रखा गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने एलएनटी और रूडीप के अधिकारियों के साथ मौके पर ही विचार-विमर्श किया।
महत्वपूर्ण प्रगति यह हुई कि नगर पालिका के नाम मोटेशन की गई राजा कोठी की तीन बीघा भूमि में से कुछ हिस्सा अंडर ब्रिज निर्माण के लिए रेलवे को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इस अंडर ब्रिज के बनने से रेलवे लाइन के दूसरी तरफ रहने वाले बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
इस निरीक्षण में रूडिप के अधिशाषी अभियंता पुष्पेंद्र सिंह, एल एंड टी के पीएम दिवाकर, रेलवे के सहायक अभियंता आरएस वर्मा, नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता छगनलाल मेघवाल सहित कई पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


