
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही।आबूरोड में सीवरेज कार्य की धीमी प्रगति और अनियमितताओं के विरोध में युवा कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी है। युवा कांग्रेस के विधानसभा उपाध्यक्ष निखिल जोशी ने कहा कि मानसून शुरू हो चुका है। शहर में अभी भी कई जगह खुदे हुए गड्ढे और टूटी सड़कें हैं।
कई वार्डों में सीवरेज का काम अधूरा है। पानी की लाइनें नहीं बिछाई गई हैं। निखिल जोशी ने बताया कि रूडीप के अधिकारी इस मामले में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। सब्जी मंडी और सदर बाजार जैसे प्रमुख इलाकों में सड़कें टूटी पड़ी हैं। वहां अभी तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है।
शहर की कई गलियों में सीवरेज लाइन नहीं पहुंची है। उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग और कंपनी की मिलीभगत से आम लोग परेशान हैं।
निखिल जोशी ने 15 दिन में शहर की सीवरेज और पानी की लाइन से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी है।



