PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में प्रशासक सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इसमें ग्राम पंचायत सांतपुर की गोचर भूमि से अवैध कच्चा रास्ता बनाकर उसके व्यावसायिक एवं अवैध गतिविधियों में उपयोग की शिकायत की गई है। सदस्यों ने इस मामले में तत्काल राहत की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम मुख्यालय सांतपुर की गोचर भूमि पर स्थानीय प्रशासन की कथित उदासीनता के कारण खनन करने वालों ने एक अवैध कच्चा रास्ता बना लिया है। ये जमीन भूमि ग्राम पंचायत सांतपुर की गोचर भूमि के रूप में दर्ज है।इस रास्ते का उपयोग खनन माफियाओं द्वारा भारी मशीनों और ट्रकों से दिन-रात व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। इससे गोचर भूमि नष्ट हो रही है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत सांतपुर और तहसील कार्यालय में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि सांतपुर की गोचर भूमि का मौका मुआयना करवाकर इस अवैध रास्ते को बंद करवाया जाए। साथ ही, दोषियों के खिलाफ अवैध खनन और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


