PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले में बाइक सवार युवक को दो कॉन्स्टेबल ने बुरी तरह पीटा। युवक बिना हेलमेट के बाइक से जा रहा था। इस पर पुलिस कर्मियों ने युवक को रोककर चालान के एक हजार रुपए मांगे।
युवक ने कहा अभी रुपए नहीं हैं, चालान बनाकर रसीद दे दो। इस पर कॉन्स्टेबल नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए युवक को पीटने लगे। उसे अधमरी हालत में छोड़कर चले गए। घटना 27 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे की है। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया है।
मामला आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के तलहटी का है। पीड़ित की पहचान पटेलफली गणका निवासी भरत राम पुत्र बाबा राम गरासिया के रूप में हुई है।
खेत पर जाते समय रोका था
पीड़ित भरत राम ने बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे मैं मजदूरी करके मार्वल से अपने पिता के पास तलहटी स्थित खेत पर जा रहा था।
सुहागन होटल तलहटी के पास 2 कॉन्स्टेबल ने मुझे रोका और हेलमेट नहीं पहनने पर 1 हजार रुपए का चालान कर दिया। मेरे पास उस समय पैसे नहीं थे, इसलिए मैंने चालान बनाने और रसीद देने को कहा। इस पर कॉन्स्टेबल नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए मुझे पीटने लगे। जातिसूचक गालियां भी दी। डंडों से बुरी तरह पीटा।
पीड़ित को बदहवाश हालत में छोड़कर चले गए
पूरी घटना पास में एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने 100 नंबर पर भी कॉल किया, काफी देर बाद विनोद नामक एक महिला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित ने डीएसपी को रिपोर्ट देने का दावा किया, डीएसपी ने नकारा
पीड़ित भरत राम का दावा है कि उसने इस संबंध में माउंट डीएसपी को रिपोर्ट दी है। वहीं डीएसपी गोमाराम ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, ऐसा कोई वीडियो अभी तक उनके सामने नहीं आया है और ना ही कोई शिकायत दी गई है।
आबूरोड सदर थाना अधिकारी प्रदीप डांगा ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, किसी तरह की कोई शिकायत भी उनके पास नहीं आई है।

