PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड के पाबा सरकारी स्कूल में चोरीः ताले तोड़कर सामान ले गए बदमाश, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन; कैंपस में मिली बाइक
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के भाखर क्षेत्र के पाबा गांव स्थित सरकारी स्कूल में चोर ताले तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह घटना का पता चलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर पहुंचे और विरोध जताया। मौके पर एक मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसे ग्रामीण चोरी की घटना से जुड़ा मान रहे हैं।
ग्रामीणों ने की जल्द कार्रवाई की मांग
चोरी की घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में नारेबाजी कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान शिक्षक और विद्यार्थी भी मौके पर मौजूद रहे।
स्कूल में चोरी को बताया चिंताजनक
पाबा ग्राम पंचायत के प्रशासक सोमाराम और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूल में चोरी की घटना चिंताजनक है। पुलिस को जांच कर आरोपियों का पता लगाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने चोरी हुए सामान का पता लगाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।




