पंचायत टेंडरों में पारदर्शिता की कमीः कलेक्टर को दिया ज्ञापन, जांच की मांग
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबू रोड पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। यह ज्ञापन यूआईटी कार्यालय में कलेक्टर रोहिताश सिंह को राकेश कुमार पुरोहित ने दिया।
पारदर्शिता नहीं बरतने को लेकर सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन में बताया गया-आबू रोड पंचायत समिति क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माण सामग्री की खरीद और निर्माण कार्यों के टेंडरों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। आरोप है कि टेंडर अपने चहेते ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं।
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की अपील
पुरोहित ने अवगत कराया कि ये कार्य 30 प्रतिशत से भी अधिक कम दरों पर करवाए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप कार्यों की गुणवत्ता अच्छी नहीं रहती है। ज्ञापन के माध्यम से इन निर्माण कार्यों और टेंडर प्रक्रियाओं की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने का आग्रह भी किया गया है।

