आबूरोड में बाइक सवार युवक की मौतः सीने पर मिले चोट के निशान, सभी एंगल से जांच में जुटी पुलिस
PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड के मूंगथला रोड पर शनिवार देर रात एक बाइक सवार युवक का शव मिला। युवक के सीने पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलने पर सदर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को फिलहाल मोच्र्युरी में रखवाया गया है।घायल को देखकर पुलिस को दी सूचना
घटना आबूरोड से मूंगथला के बीच निचली फली स्कूल, तलवारों का नाका के पास हुई। मृतक की पहचान निचलगढ़ निवासी मीठालाल गरासिया पुत्र किका राम के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने मीठालाल को घायल अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी गिरवर फुलाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद डीएसपी गोमाराम चौधरी और थाना अधिकारी प्रदीप डागा भी घटनास्थल पर पहुंचे। रविवार दोपहर को एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने भी मौके का मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सभी एंगल से जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी गोमाराम चौधरी ने बताया-रात में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन सुबह उसकी पहचान निचलगढ़ निवासी मीठालाल के रूप में हुई। पुलिस उसके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने कहा कि यह मामला हत्या या दुर्घटना दोनों में से किसी एक का हो सकता है, और वे सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।
