PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के झामर में सड़क किनारे पिता के साथ खड़ी 10 साल की बच्ची को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान धामसरा निवासी जिया (10) पुत्री चेलाराम गरासिया के रूप में हुई है।
बेटी को लेकर ससुराल गया था पिता
पुलिस के अनुसार, चेलाराम गरासिया अपनी बेटी जिया के साथ ससुराल झामर गए थे। वहां से लौटते समय दोनों सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान रेवदर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जिया गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे तत्काल राजकीय अस्पताल आबूरोड लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
हादसे को लेकर मृतका के पिता चेलाराम ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




