PALI SIROHI ONLINE
आबू रोड, सिरोही-आबू रोड शहर के पास गुजरात के प्रसिद्ध शक्ति पीठ अंबाजी में पौष सुद-14, शुक्रवार को अहमदाबाद के ‘जय भोले ग्रुप’ ने माता जी को स्वर्ण और रत्न जड़ित मुकुट अर्पित किया। इस मुकुट की लागत 43 लाख 51 हजार रुपए है।
यह मुकुट बनासकांठा जिला कलेक्टर और ‘आरा सुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट’ के अध्यक्ष मिहिर पटेल की उपस्थिति में भेंट किया गया। ‘जय भोले ग्रुप’ के दीपेश भाई पटेल ने इसे मंदिर ट्रस्ट को सौंपा। यह भेंट माता जगदंबा के प्राकट्योत्सव से एक दिन पहले की गई है।
महा स्वामी जी के मार्गदर्शन में तैयार किया गया मुकुट
मुकुट को श्री शारदा पीठ श्रृंगेरी मठ के शंकराचार्य श्री विधुशेखर भारती महा स्वामी जी के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। इसके निर्माण में श्रीविद्या में वर्णित सूर्य और उसकी 20 किरणें, अष्टमी का चंद्रमा, मोर पंख, सहस्र कमल, 16 नित्याएं, सप्त मातृका और 10 महा विद्याओं के संकेत रत्नों के माध्यम से उकेरे गए हैं।
मंदिर के भट्टजी महाराज के सुझाव पर शास्त्रों और वेदों का गहन अध्ययन कर इसकी संरचना की गई है।
मुकुट बनाने में तीन महीने का समय लगा
इस मुकुट को बनाने में लगभग तीन महीने का समय लगा। इसमें प्राचीन मीनाकारी और बहुमूल्य रत्नों का उपयोग किया गया है। अंबाजी मंदिर ट्रस्ट के प्रशासक और अतिरिक्त कलेक्टर कौशिक मोदी ने इस भेंट को स्वीकार करते हुए दाता परिवार का आभार व्यक्त किया।

