PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
विश्व रक्तदाता दिवस पर सीएचसी सुमेरपुर मे शपथ कार्यक्रम आयोजित
तखतगढ 14 जून (खीमाराम मेवाडा) विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने भाग लेकर नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए तथा रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती है। ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद गिरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं,प्रसव,गंभीर बीमारियों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता निरंतर बनी रहती है।
इसलिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर रक्तदान आंदोलन से जुड़ने तथा समाज में रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ ग्रहण की।
“रक्तदान – महादान, एक दान अनेक जीवन बचाए।”


