PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
मोदरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी,दोहरीकरण कार्य के बीच सब-वे और टिकट खिड़की का वादा अब तक अधूरा
तखतगढ 14 जून (खीमाराम मेवाडा) समदड़ी-भीलड़ी रेलमार्ग के प्रमुख स्टेशन मोदरान पर रेलवे के दोहरीकरण कार्य के चलते यात्रियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों और यात्रियों की दोहरीकरण का कार्य शुरू हुआ तब से मांग हो रही है कि प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 को जोड़ने के लिए सुरक्षित सब-वे, आबादी एवं बाजार क्षेत्र की ओर टिकट खिड़की और आरक्षण केन्द्र की व्यवस्था की जाए, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अमिताभ मोदरान स्टेशन के निरीक्षण पर आए थे, तब उन्होंने प्लेटफार्मों के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए सब-वे तथा आबादी क्षेत्र की ओर टिकट खिड़की शुरू करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद दोहरीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।
वर्तमान में स्टेशन परिसर में मुख्य गेट की ओर आरसीसी दीवार का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में आबादी और बाजार क्षेत्र से आने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन तक पहुंचना और प्लेटफार्म बदलना और अधिक कठिन हो गया है। मजबूरी में कई यात्री जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं। इससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
सबसे अधिक परेशानी दिव्यांगजनों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दोहरीकरण के बाद प्लेटफार्म की ऊंचाई लगभग 12 फीट हो जाएगी। यदि समय रहते सब-वे का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो भविष्य में ट्रैक पार करना लगभग असंभव हो जाएगा और यात्रियों को भारी संकट का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी नई ट्रेन, ट्रेन ठहराव या अन्य सुविधाओं की नहीं है। उनकी एकमात्र मांग है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 को जोड़ने वाला सब-वे, आबादी एवं बाजार क्षेत्र की ओर टिकट खिड़की और आरक्षण केन्द्र की व्यवस्था दोहरीकरण कार्य के साथ ही तत्काल शुरू की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रेलवे प्रशासन ने अभी समाधान नहीं किया तो दोहरीकरण पूरा होने के बाद समस्या और गंभीर रूप ले लेगी तथा हजारों यात्रियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे को जल्द निर्णय लेकर स्थायी समाधान उपलब्ध कराना चाहिए।
इनका कहना है
अभी तक प्लेटफार्म नम्बर 1 से 2 पर आने जाने वाले यात्रियों के लिए सबवे अंडरब्रिज या फुटओवर ब्रिज में बदलाव नहीं किया गया है जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म पर पहुंचने में गम्भीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।सबसे पहले एक व दो नम्बर प्लेटफार्म पर यात्रियों के आवागमन के लिए सबसे अंडर ब्रिज व मार्ग बनाया जाए ताकि यात्रियों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध हो सके।
जगमाल सिंह राजपुरोहित उपाध्यक्ष
श्री आशापुरी माताजी संघर्ष समिति मोदरान
दोहरीकरण कार्य शुरू होने से पहले यात्रियों को प्लेटफार्म पर आने जाने के लिए सबसे पहले सबवे अंडर ब्रिज व सुरक्षित मार्ग बनाना चाहीए ताकि यात्रियों को आवागमन में कोई समस्या उत्पन्न नहीं हो।
हीरा चंद भंडारी- अध्यक्ष , पैसेंन्जर
यात्री गाडी संघर्ष समिति जालोर
इस स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल कर मोदरान स्टेशन पर श्रीआशापुरी माताजी मंदिर सहित कई धार्मिक व पर्यटक स्थल हैं। वर्तमान में मार्केट और आबादी क्षेत्र को छोड़कर उल्टी दिशा में स्टेशन बिल्डिंग बनाने से आमजन को असुविधा होगी। इस स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल कर आबादी और बाजार क्षेत्र की ओर विकास करवाने चाहिए।
रतन सिंह सोढा,
अध्यक्ष,
श्री आशापुरी माताजी संघर्ष समिति मोदरान


