PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-जावाल कस्बे में मांडानी मोड़ के पास एक अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक रमेश कुमार (36) के सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। रमेश मूल रूप से बिठूड़ा (कैलाशनगर) का निवासी था और वर्तमान में शिवगंज तहसील के जुबलीगंज में रह रहा था।
सूचना मिलने पर जावाल पुलिस चौकी के जवान मांगीलालमौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल रमेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से कर्नाटक का एक ट्रेन टिकट मिला, जो शुक्रवार दोपहर 11 बजे बनवाया गया था।
पुलिस ने बताया कि रमेश कुमार सुबह ट्रेन का टिकट बनवाने के लिए बाइक से सिरोही आया था। तत्काल में टिकट बनवाने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहा था। जावाल के अंबेडकर सर्किल से कैलाशनगर रोड पर मांडानी मोड़ के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। सिर पर गहरी चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मृतक के परिजनों ने बताया कि रमेश कुमार अपनी पत्नी सूरज, बेटे यस, गौरव और बेटी हिना के साथ कर्नाटक के बैलहोंगल में रहता था, जहां उसकी नाश्ते की एक छोटी दुकान थी। बच्चों की स्कूल की छुट्टियां होने के कारण वह डेढ़ महीने पहले ही अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गांव आया था। शनिवार, 13 जून की सुबह उन्हें वापस कर्नाटक के लिए रवाना होना था, लेकिन इससे पहले यह हादसा हो गया।
बच्चों की छुट्टियों में आया था गांव, शनिवार को थी रवानगी परिजनों ने बताया कि रमेश कर्नाटक के बैलहोंगल में नाश्ते की एक छोटी दुकान चलाता था। बच्चों की स्कूल की छुट्टियां होने के कारण वह करीब डेढ़ महीने पहले अपने गांवजुबलीगंज आया था। 13 तारीख (शनिवार) की सुबह उसे अपनी पत्नी सूरज, दो बेटों और एक बेटी के साथ वापस बैलहोंगल (कर्नाटक) के लिए रवाना होना था। इसी यात्रा के लिए वह सिरोही बस का पास और रेलवे का कंफर्म टिकट लेने गया था। टिकट लेकर लौटते समय घर पहुंचने से ठीक पहले यह काल का ग्रास बन गया।
रो-रोकर बुरा हुआ परिवार का हाल
जावाल अस्पताल प्रभारी डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के शव को जावाल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया था। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद अस्पताल पहुंचे रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिन बच्चों के साथ रमेश कल कर्नाटक की यात्रा पर जाने वाला था, उनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


