PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के बागोड़ा थाने में रतनपुरा ग्राम पंचायत के प्रशासक (सरपंच) त्रिकमाराम के खिलाफ मारपीट, अपहरण की कोशिश का मामला दर्ज हुआ है। पीड़ित मोरसीम निवासी नाराणाराम भील ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसने रतनपुरा गांव में जमीन खरीदी थी, जिससे आरोपी नाराज हो गया।
17 मई को हमला और मारपीट का आरोप
रिपोर्ट के अनुसार 17 मई 2026 को निवर्तमान सरपंच त्रिकमाराम ने पीड़ित पर हमला किया, मारपीट की औरगाली-गलौज की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा गया कि बिना पूछे मेरे गांव में जमीन खरीदने की हिम्मत कैसे हुई।
जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास
पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपी ने उसे जबरन अपनी गाड़ी में खींच लिया। इस दौरान पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद रामाराम पुरोहित और वहां से गुजर रहे लोगों ने बीच-बचाव कर गाड़ी रुकवाई और उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
जान से मारने की धमकी का आरोप
घटना के बाद आरोप है कि त्रिकमाराम ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर बागोड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।
एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने इसके बाद जालोर एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया को ज्ञापन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं त्रिकमाराम चौधरी ने आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि विवादित जमीन दो भाइयों से खरीदी गई थी और इसे लेकर गलत तरीके से मामला बनाया गया है।
