कृषि कुएं के पास तार में फंसा भालूः ट्रेंकुलाइजर गन से बेहोश किया, सुरक्षित बाहर निकालकर पिंजरे में डाला
PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर उपखंड के ईदरला गांव में गुरुवार को आबादी क्षेत्र में कृषि कुएं के पास लगे तार में भालू के फंसने से हड़कंप मच गया। सुबह किसान खेत में फसल देखने पहुंचा तो उसने भालू को तार में उलझा हुआ देखा। सूचना गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आबादी क्षेत्र के आसपास भालू की लगातार मूवमेंट से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।घटना की सूचना मिलने पर सिरोड़ी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति गंभीर होने पर आबूराज से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। वन विभाग की टीम ने पहले आसपास मौजूद लोगों को दूर हटाया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से बेहोश किया
करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से भालू को बेहोश किया गया। इसके बाद टीम ने बेहद सावधानीपूर्वक तार में से भालू को सुरक्षित बाहर निकाला और पिंजरे में रखा।
वन विभाग रेंजर ललित सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के बाद भालू का प्राथमिक परीक्षण किया गया और उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। भालू के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अनादरा रेंजर अजय दाना, आबूराज रेस्क्यू टीम के मोहनराम चौधरी सहित सिरोड़ी और अनादरा रेंज का स्टाफ मौजूद रहा। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना विभाग को देने की अपील की है।

