नाना में जनजातीय गर्विता उत्सव 2026 शिविर का शुभारंभ, जनजातीय समाज को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
PALI SIROHI ONLINE
नाना में जनजातीय गर्विता उत्सव 2026 शिविर का शुभारंभ, जनजातीय समाज को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
सरकारी योजनाओं, बीमा एवं पेंशन सुविधाओं की दी विस्तृत जानकारी
बाली विधानसभा क्षेत्र बाली के नाना गांव में भारत सरकार जनजातीय मंत्रालय के अंतर्गत संचालित सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित जनजातीय गर्विता उत्सव 2026 शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनजातीय समाज को लाभांवित करने के लिए स्वास्थ्य, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
यह शिविर विशेष रूप से 10 एवं 11 जून तक आयोजित किया गया है। शिविर में जनजातीय परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने एवं जागरूक बनाने हेतु विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। शिविर का मुख्य उद्देश्य जनजातीय वर्ग को शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार तथा सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में जनजातीय ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं बुजुर्गों ने भाग लिया। शिविर में आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, पेंशन योजना, बीमा योजना, रोजगार योजनाओं, कृषि संबंधी योजनाओं, महिला एवं बाल विकास योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बना सकते हैं।
सेवाड़ी में लगे उत्सव शिविर में विभागीय एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा आमजन को डिजिटल सेवाओं, जनधन खातों, बीमा एवं पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में उपस्थित लोगों को स्वरोजगार हेतु प्रेरित किया गया तथा युवाओं को कौशल विकास से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर शिविर में कई गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम की महाप्रबंधक प्रमिला राठौड़, मुख्य प्रबंधक ज्योति सिंघल, जोधपुर के एफआई विभाग के मुख्य प्रबंधक शैलेन्द्र राजावत, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री गौरव मोहे, सिरोही के एसएमओ जितेंद्र सिंह राठौड़, और नाना के सरपंच मदन लाल शामिल थे | राजस्थान ग्रामीण बैंक नाना शाखा प्रबंधक श्री मंथन भाटिया और मंच संचालक श्री मयंक शर्मा ऑफिस बॉय कैलाश कुमार भी मौजूद रहे।


