सुमेरपुर में बनेगा आईटीआई भवन, खर्च होंगे 8.50 करोड़ः भवन में वर्कशॉप, प्रैक्टिकल लैब्स और डिजिटल क्लासरूम बनेंगे
PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
पाली-पाली जिले के सुमेरपुर में साढ़े 8 करोड़ की लागत से आईटीआई भवन बनेगा, जहां क्षेत्र के युवा तकनीकी हूनर सीखकर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।दरअसल, बजट वर्ष 2025-26 में सुमेरपुर में नवीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) खोलने की घोषणा की गई थी। इसके तहत कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग ने ITI के नए भवन निर्माण के लिए 8.50 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति पर स्थानीय विधायक और राज्य सरकार में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का भी योगदान रहा।
युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
कैबिनेट मंत्री कुमावत ने बताया कि सुमेरपुर क्षेत्र में लंबे समय से एक आधुनिक आईटीआई संस्थान की जरूरत थी। नए आईटीआई के खुलने से क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी युवाओं को तकनीकी कौशल हासिल करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलने से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
विभाग की ओर से जारी किए गए 850 लाख के बजट से आईटीआई के लिए एक आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस परिसर में अत्याधुनिक वर्कशॉप और प्रेक्टिकल लैब्स बनाई जाएंगी। डिजिटल क्लासरूम और कंप्यूटर सेंटर की सुविधा होगी। विभिन्न तकनीकी ट्रेड्स के लिए जरूरी मशीनरी और उपकरण स्थापित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

