सुमेरपुर-कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने जारी किया दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड,दो साल बेमिसाल विकास पुस्तिका का किया विमोचन
PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने जारी किया दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड,दो साल बेमिसाल विकास पुस्तिका का किया विमोचन
तखतगढ 23 मई (खीमाराम मेवाडा) राजस्थान सरकार के पशुपालन, डेयरी, गोपालन एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को अपने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान विगत दो वर्षों में क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने पेश किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी उपलब्धियों पर आधारित विशेष ‘दो साल बेमिसाल विकास पुस्तिका’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों और भारी संख्या में क्षेत्र की जनता ने भाग लिया।विकास और सुशासन के दो वर्ष कार्यक्रम में मंत्री जोराराम कुमावत ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि बीते दो साल सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बुनियादी ढांचे, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव वाले रहे हैं।
उन्होंने कहा, “यह रिपोर्ट कार्ड इस बात का प्रमाण है कि हमने जो वादे चुनाव के समय किए थे, उन्हें धरातल पर उतारने के लिए दिन-रात काम किया है। मंत्री कुमावत ने गणमान्य अतिथियों के साथ मंच से ‘विकास कार्यों की पुस्तिका’ का विमोचन किया। इस पुस्तिका में क्षेत्र में स्वीकृत हुईं सड़कों, पेयजल योजनाओं, गोशालाओं के अनुदान, मंदिरों के जीर्णोद्धार और दुग्ध उत्पादकों के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है।
मंत्री कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि सुमेरपुर की देवतुल्य जनता ने दो वर्ष पूर्व मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी थी, आज मैं उसका पूरा हिसाब लेकर आपके बीच खड़ा हूँ। हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर काम कर रही है। पशुपालन, गोपालन और देवस्थान जैसे विभागों का जिम्मा सौंपकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी ने जो भरोसा जताया, उसे मैंने सुमेरपुर और पूरे राजस्थान की सेवा में समर्पित कर दिया है।
गोवंश और पशुपालकों की समृद्धि
कुमावत ने कहा कि हमारी सरकार ने लंपी बीमारी के बाद पशुपालकों को संबल दिया है। दुग्ध उत्पादकों को समय पर बोनस और गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बजट जारी किया गया है। सुमेरपुर में आधुनिक नस्ल सुधार केंद्र और नए पशु चिकित्सालयों की सौगात दी गई है।
देवस्थान और संस्कृति का संरक्षण
कुमावत ने कहा कि देवस्थान मंत्री के रूप में मेरा संकल्प है कि हमारे आस्था के केंद्र भव्य और सुविधायुक्त बनें। क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार और ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत रिकॉर्ड बुजुर्गों को यात्रा करवाने का काम हमारी सरकार ने किया है।
बुनियादी ढांचा और पानी की समस्या का समाधान
स्थानीय विधायक व मंत्री कुमावत ने कहा कि सुमेरपुर के ग्रामीण अंचलों में सड़कों का जाल बिछाया गया है। पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए जल जीवन मिशन के कार्यों को गति दी गई है और टेल तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए हम प्रतिबद्धता से काम कर रहे हैं। यह विकास पुस्तिका मेरा नहीं, बल्कि आपकी सजगता और सहयोग का परिणाम है, मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि आने वाले समय में सुमेरपुर विकास के मामले में पूरे राजस्थान में आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनेगा। क्षेत्र के विधायक द्वारा इस तरह सार्वजनिक रूप से पुस्तिका जारी कर दो साल का हिसाब देने की जनता ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन के बाद मंत्री कुमावत ने मौके पर ही लोगों के अभाव- अभियोग सुने और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान हिंदू नववर्ष पर प्रकाशित कैलेंडर का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य करण सिंह नेतरा, पाली डेयरी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, एसडीएम कालूराम कुम्हार, किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष जयेंद्र सिंह गलथनी, नगरपालिका के पूर्व चैयरमैन अनोप सिंह राठौड़, पुलिस उप अधीक्षक जितेंद्र सिंह शेखावत, वरिष्ठ भाजपा नेता जयंती लाल जैन, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष चर्तुभुज शर्मा, निम्बेश्वर महादेव ट्रस्ट, सांडेराव के अध्यक्ष जगत सिंह, सुमेरपुर नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र माली, बांकली मंडल अध्यक्ष हनुवंत सिंह, मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष मांगीलाल सुथार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे



