भीनमाल पुलिस ने पांच वाहन किए जब्त, जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपी हिरासत में लिए, मारपीट का विडिओ हुआ था वायरल
PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने पुनासा सरहद में अलग-अलग आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर संदिग्ध प्रतीत होने वाले पांच वाहनों को जब्त किया है। जब्त किए गए वाहनों में तीन पिकअप और दो कैम्पर ट्रोला शामिल हैं।
आरोपियों की तलाश में दी जा रही दबिश
सीआई राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने बताया-पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों में से तीन आरोपियों को दस्तयाब कर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
12 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया
शहर के स्थानीय पुलिस थाने में जवाराम पुत्र धर्माराम देवासी ने रिपोर्ट पेश कर 12 लोगों के खिलाफ उसके बेटे पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से प्राणघातक हमला किया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भजनलाल जाणी, तेजाराम, शिवलाल सोलंकी, गोपाराम, आसुराम, नरेश, राजूराम, दिनेश, जगदीश सिंह, नरेश पुनिया, हकीम खान एवं दिनेश माली के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

