सिरोही- ओवन में हुआ ब्लास्ट, शटर और दीवारे टूटी, दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के पैलेस रोड स्थित एक फास्ट फूड की दुकान में शनिवार सुबह ओवन फटने से तेज धमाका हुआ। इस घटना में दुकान का शटर और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, यह घटना पैलेस रोड पर स्थित ‘गपशप फास्ट फूड’ की दुकान में सुबह करीब 7:30 बजे हुई। ओवन फटने की आवाज इतनी तेज थी कि यह काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
बड़ा हादसा टला
दुकान मालिक घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान का ताला खोलकर अंदर देखा तो पाया कि शटर के साथ-साथ दुकान की दीवार में भी दरारें आ गई थीं। दुकान के अंदर रखा इलेक्ट्रिक ओवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, और एक लोहे का काउंटर भी पलट गया था।
धमाके की सूचना पर सिरोही डीएसपी मुकेश चौधरी, कोतवाली थाना अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ देर बाद अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति का जायजा लिया।
