रेवदर : पत्नी के चरित्र पर था शक, सुनसान जंगल में ले जाकर कर दी हत्या,ऐसे खुला राज
PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/जगे सिंह देवड़ा
रेवदर, सिरोही-रेवदर उपखंड में अनापुर स्थित मामाजी की ओरण में महिला के शव मिलने के मामले में पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
सीसीटीवी में नजर आई कार
सीआई सीताराम ने बताया 9 मई को मामाजी की ओरण-अनापुर क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और एमओबी टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक संदिग्ध मारुति 800 कार नजर आई, जो जसवंतपुरा की तरफ जाती दिखाई दी। कार नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। बाद में मृतका की पहचान आशाबेन उर्फ हंसा पत्नी दिनेश कुमार निवासी तांतोल (जालोर) हाल नडियाद (गुजरात) के रूप में हुई।
लोहे के पाइप से की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति दिनेश कुमार अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी शक के चलते उसने पत्नी की हत्या की पूरी योजना बनाई। आरोपी पत्नी को गुजरात से रेवदर क्षेत्र में लेकर आया और 9 मई को वापस नडियाद जाने का बहाना बनाकर मामाजी की ओरण-अनापुर के सुनसान जंगल में पहुंचा। वहां लोहे की पाइप से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
कीटनाशक पीकर सुसाइड का प्रयास किया
हत्या के बाद आरोपी शव को जंगल में फेंककर फरार हो गया। पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के चलते आरोपी पर शक गहराता गया। इसी दौरान आरोपी ने खुद को बचाने और मामला भटकाने के लिए कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। पुलिस ने उसका इलाज करवाकर 21 मई को उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मारुति 800 कार जब्त कर ली है। कार से खून के निशान मिलने पर एफएसएल जांच के लिए सैंपल सुरक्षित किए गए हैं। आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

