गैंगरेप केस में थानाधिकारी ने पीड़िता को बताया था झूठाः कहा- मर गई तो कोई धारा नहीं बनती, ब्लैकमेल कर रही है; ऑडियो आया सामने
PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर जिले में गैंगरेप के बाद दो बहनों के सुसाइड केस में पुलिस पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। अब एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस पर पीड़ित पक्ष को धमकाने और उन्हें ब्लैकमेलर बताने के आरोप लगे हैं।
उधर, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हिरासत से 2 आरोपियों के फरार होने का सनसनीखेज दावा किया है।हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है।
दरअसल, 20 मार्च को गैंगरेप पीड़िता ने सुसाइड किया था। इसके बाद मृतका की छोटी बहन ने भी आरोपियों पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। वह 11 अप्रैल को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने भी गई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता ने 15 मई को पानी की टंकी पर चढ़कर जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया था। अब मामले में 11 अप्रैल का ऑडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस और पीड़ित पक्ष की बातचीत है।
केस झूठा बताकर पीड़ित पक्ष को एफआर लगाने की दी धमकी
मृतका के भाई ने ऑडियो की पुष्टि करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई के अनुसार- 11 अप्रैल को जब वह अपनी बहन और बहनोई के साथ पुलिस थाने में शारीरिक शोषण की रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। तब खेड़ापा थानाधिकारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि हद तो तब हो गई, जब केस दर्ज करने से पहले ही पुलिस ने हमारे ऊपर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा दिया। मामले को झूठा बताते हुए एफआर (मामला झूठा बताकर बंद करने की रिपोर्ट) लगाने की धमकी दी और दबाव बनाना शुरू कर दिया।

