• May 16, 2026

दुकान में घुसी महिलाओं ने 18 हजार की पोशाकें चुराई,ग्राहक बनकर आई थी, बाहर बिना नंबर की टैक्सी स्टार्ट कर खड़ा था साथी ड्राइवर

PALI SIROHI ONLINE

जोधपुर-जोधपुर के प्रतापनगर में दिनदहाड़े दुकान में ग्राहक बनकर आई दो महिलाओं ने बड़ी सफाई से 18 हजार रुपए कीमत की पोशाकें चुरा ली। यह कोई सामान्य चोरी नहीं थी, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई वारदात थी। जिसमें भागने के लिए दुकान के बाहर एक ऐसा टैक्सी चालक तैयार खड़ा था, जिसने अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट तक छिपा रखी थी।

घटना 16 मई को दोपहर 12:54 बजे प्रतापनगर में अंध विद्यालय के पीछे कॉमर्शियल प्लॉट नंबर 04 स्थित दुकान की है। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को CCTV फुटेज सौंपकर इस शातिर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।कैमरे देखकर भी शातिर महिलाएं रही बेखौफ

पीड़ित दुकानदार मुकेश चौधरी पुत्र मांगीलाल चौधरी ने प्रताप नगर थाने में रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि, 16 मई को दोपहर 12:54 बजे दो महिलाएं कपड़े खरीदने के बहाने उनकी दुकान पर आई। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि ये महिलाएं सामान्य ग्राहकों की तरह जमीन पर बैठकर कपड़े देखने लगती हैं।

इसी दौरान उनकी नजर सीसीटीवी कैमरे पर भी जाती है। दुकान में कैमरे लगे होने के बावजूद वे बेखौफ रहती है। कुछ देर तक एक के बाद एक अलग-अलग पोशाकें देखती रही और दुकानदार के व्यस्त होते ही पोशाकें चुराकर अपने कपड़ों के नीचे छिपा लेती हैं।

पूरी प्लानिंग से आए थे, टैक्सी की नंबर प्लेट भी छिपाई

रिपोर्ट में इस वारदात से जुड़ा सबसे चौंकाने वाला तथ्य एक टैक्सी चालक की संलिप्तता का है, जो साबित करता है कि यह एक पेशेवर गिरोह है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक टैक्सी ड्राइवर ने इन महिलाओं को चोरी करने के उद्देश्य से प्रतिष्ठान के बाहर उतारा था और वह वहीं उनका इंतजार कर रहा था।वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद वह उन्हें अपनी टैक्सी में बैठाकर ले गया। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए शातिर ड्राइवर ने टैक्सी के आगे कोई नंबर प्लेट नहीं लगा रखी थी और पीछे की नंबर प्लेट को भी छिपा रखा था।

सीसीटीवी फुटेज के आधार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पीड़ित दुकानदार ने अपनी रिपोर्ट में पुलिस प्रशासन को आगाह करते हुए निवेदन किया है कि यदि इस शातिर समूह को जल्द गिरफ्तार कर दंडित नहीं किया गया, तो भविष्य में ये जोधपुर शहर की कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। प्रताप नगर थाना पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन महिलाओं और उनके टैक्सी ड्राइवर साथी की तलाश कर रही है।

You cannot copy content of this page