PALI SIROHI ONLINE
रेवदर-रेवदर उपखंड स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम में गुरुवार को भटाणा निवासी डायलाल पुरोहित ने भटाना पटवारी कुलदीप सिंह राजपुरोहित के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। परिवादी ने आरोप लगाया कि कृषि भूमि की रजिस्ट्री के बाद भी म्यूटेशन नहीं भरा जा रहा है और इसके बदले रुपए की मांग की जा रही है।
शिकायत में बताया गया कि भटाणा स्थित पुश्तैनी कृषि भूमि की रजिस्ट्री 13 फरवरी 2026 को तहसील कार्यालय में हुई थी। रजिस्ट्री के बाद म्यूटेशन भरवाने के लिए सभी दस्तावेज संबंधित पटवारी को सौंपे गए थे। आरोप है कि इस कार्य के एवज में 15 हजार रुपए की मांग की गई, जिसमें से 5 हजार रुपए उसी समय दे दिए गए।
परिवादी का कहना है कि कई बार निवेदन करने के बावजूद अब तक म्यूटेशन नहीं भरा गया और शेष राशि की मांग कर कार्य को रोका जा रहा है। मामले को लेकर राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है। जनसुनवाई में शिकायत देकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।


