• May 15, 2026

जीरावल माइंस में ब्लास्टिंग के पत्थर घरों तक पहुंचे: ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन ने माइंस संचालक को पाबंद किया

PALI SIROHI ONLINE

रेवदर, सिरोही-रेवदर उपखंड के जीरावल स्थित ग्रेनाइट माइंस में हो रही ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लास्टिंग के दौरान बड़े पत्थर उड़कर घरों तक पहुंच रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।मकानों में आ रही दरारें

ग्रामीणों ने बताया कि ब्लास्टिंग के कारण तेज कंपन से मकानों की दीवारों में दरारें आ रही हैं। कई बार पत्थर घरों के आंगन और बच्चों के खेलने वाली जगहों तक गिर चुके हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने माइंस संचालक पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

मामले की जानकारी मिलने पर आरआई जगदीश रावल और आरआई भंवरलाल विश्नोई मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने आबादी क्षेत्र में पहुंचकर जांच की, जहां घरों में गिरे पत्थर भी मिले। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि खनन विभाग और प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।

ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से ब्लास्टिंग बंद करवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। इसके बाद प्रशासन ने माइंस संचालक को आबादी क्षेत्र के पास ब्लास्टिंग नहीं करने के निर्देश दिए हैं।

You cannot copy content of this page