अगले 7 दिन लू का अलर्ट: सीजन में पहली बार तापमान 41 डिग्री पार पहुंचा; हीटवेव से एक में बढ़ा टेम्परेचर
PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में अचानक गर्मी बढ़ गई है। सीजन में पहली बार तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। इससे पहले तापमान 37 डिग्री तक दर्ज किया गया था।
हटीवेव की वजह से एक ही दिन में तापमान 4 डिग्री बढ़ गया। मौसम विशेषज्ञ भूपेन्द्र सिंह के अनुसार, अगले 7 दिनों तक जालोर लू का अलर्ट है। इस दौरान तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर भी बढ़ेगा।
तापमान में एक दिन में तेज बढ़ोतरी
जालोर में शुक्रवार को 13 किमी प्रति घंटे की गति से लू चली और जनजीवन प्रभावित रहा। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिन का तापमान 4.1 डिग्री बढ़कर 41.2 डिग्री और रात का तापमान 3.7 डिग्री बढ़कर 24.6 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले दिन का तापमान 37.1 और रात का तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इस अचानक बदलाव से लोगों को परेशानी हुई।लू के असर से दिनभर प्रभावित रहा जनजीवन
तापमान बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। डॉक्टरों ने दोपहर के समय लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। इधर, शहर में दोपहर 1 से 3 बजे के बीच सड़कें लगभग खाली नजर आईं और केवल कुछ ही वाहन दिखाई दिए।
दुपहिया वाहन चलाने वाले लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलते नजर आए, जबकि कई महिलाएं छाता लेकर बाहर निकलीं। तेज धूप और गर्म हवा के कारण आमजन को दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ा।

