• April 20, 2026

माली समाज का 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलनः 30 अप्रैल को 22 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे, तैयारियों पर की चर्चा

PALI SIROHI ONLINE

सोजत-सोजत में माली समाज विकास समिति द्वारा नवम सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां की जा रही हैं। यह सम्मेलन 30 अप्रैल को पोकर फार्महाउस में आयोजित होगा, जिसमें 22 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।

इस संबंध में रविवार को जेतारणीया गेट के बाहर स्थित माली समाज भवन में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माली समाज अध्यक्ष चंपालाल सांखला ने की। इसमें चारों मोहल्लों के चौधरी-पंचों, पूर्व अध्यक्ष ताराचंदताराचंद टांक और उपाध्यक्ष हेमाराम भाटी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे

मीडिया प्रभारी आनंद भाटी ने बताया कि सम्मेलन में कुल 22 जोड़े विवाह करेंगे। इस दिन समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे, ताकि समाजबंधु आयोजन में सक्रिय रूप से भाग ले सकें।

सम्मेलन से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 22 अप्रैल को माली समाज भवन में सावा का कार्यक्रम होगा। 29 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक पोकर फार्महाउस में मायरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य आयोजन के दिन, 30 अप्रैल को, सुबह 9 बजे से 10:30 बजे के बीच बारात स्वागत का कार्यक्रम रखा गया है।

आयोजन सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की

समाज के वरिष्ठजनों ने सभी समाजबंधुओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माली समाज के गणमान्य लोग और समाजबंधु उपस्थित थे। सम्मेलन में संपूर्ण लाइट, टेंट और गार्डन की व्यवस्था पोकर फार्महाउस के मालिक मदनलाल टांक की ओर से की जाएगी।

You cannot copy content of this page