सोजत में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई:सिरीयारी पुलिस ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार, 798 ग्राम अवैध अफीम जब्त
PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत पुलिस के सिरियारी थाना ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर की लग्जरी कार से 798 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.5 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं।
सोजत डीएसपी रतनाराम देवासी ने बताया कि सोजत पुलिस नशे के व्यापार के विरुद्ध विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत सिरियारी पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की। थाना अधिकारी हुकमगिरी गोस्वामी के नेतृत्व में शेखावास इलाके में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखी, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
कार की तलाशी के दौरान उसमें 798 ग्राम अवैध अफीम और 1.5 लाख रुपए नकद मिले। कार में सवार मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी मानसिंह और मंदसौर निवासी अक्षय भाटी से पूछताछ की गई, लेकिन वो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नकदी और कार भी जब्त कर ली है और आरोपियों से अफीम की खरीद-बिक्री के संबंध में पूछताछ कर रही है।
