PALI SIROHI ONLINE
सायला-जीवाणा-भीनमाल स्टेट हाईवे पर तालियाणा टोल प्लाजा के पास बुधवार देर रात सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और ट्रैक्टर ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली तीन टुकड़ों में बंट गई, जबकि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से भीनमाल अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गहन निगरानी में रखा गया है।
सूचना मिलने पर जीवाणा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

