PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के बालराई गांव के पास महापड़ाव शुरू होने के बाद पुलिस को गुजरात की ओर जाने वाला हाईवे बंद करना पड़ा। रूट डायवर्जन के चलते पणिहारी और हेमावास चौराहों पर देर रात तक भारी जाम लगा रहा, जिससे ट्रक और टैंकर चालक घंटों फंसे रहे। ऐसे में अधिकतर बड़े वाहन चालकों ने सड़क किनारे रात बताई। रूट डायवर्ड करने के चलते पणिहारी चौराहे पर जोधपुर और जयपुर की तरफ रोड पर लम्बा जाम देर रात तक लगा नजर आए। जिससे वाहन चालक खासे परेशान हुए।महापड़ाव के कारण हाईवे सील, यातायात हेमावास रोड पर डायवर्ट
बालराई गांव के निकट शुक्रवार से शुरू महापड़ाव के कारण पुलिस ने गुजरात जाने वाली मुख्य सड़क बंद कर दी। इसके बाद सारा भारी यातायात हेमावास-नाडोल रोड पर मोड़ दिया गया, जिससे स्थिति बिगड़ती चली गई।
पणिहारी चौराहे पर वाहन एक के पीछे एक फंसते गए और देर रात तक लंबा जाम बना रहा। कई ट्रक ड्राइवर सड़क किनारे ही रात गुजारने को मजबूर हुए।
5 घंटे से जाम में फंसा हूं, जीपीएस नहीं बदल सकते रूट पाली शहर के पणिहारी चौराहे पर हमें टैंकर ड्राइवर गुड़ा विश्नोइयान (जोधपुर) निवासी ओमाराम विश्नोई मिले। उन्होंने बताया कि सालावास डिपो से पेट्रोल भरकर लाए है। सिरोही जाना है लेकिन जाम के चलते शुक्रवार शाम पांच बजे से फंसे हुए है। गाड़ी में जीपीएस लगा रखा है। ऐसे में रूट भी बदल नहीं सकते। अब तो बस हाईवे खुलने का इन्तजार कर रहे है। रात उन्होंने सड़क किनारे ही बताई।
ये था मामला
राष्ट्रीय पशुपालक संघ और राजस्थान डीएनटी (घुमंतु, अर्ध घुमंतु एवं विमुक्त) संघर्ष समिति ने अपनी 10 प्रमुख मांगों को लेकर शुक्रवार को पाली-बालराई के पास हाईवे पर महापड़ाव डाल दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह देवासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
पुलिस ने कई दौर की बातचीत कर आंदोलनकारियों को हटाने की कोशिश की, लेकिन सहमति नहीं बनी। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ में से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर हाईवे खाली कराया। प्रदर्शन के चलते हाईवे जाम हो गया और ट्रैफिक को हेमावास-नाडोल मार्ग की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
गुजरात आलू लेकर जाना है, जाम में फंस गए
पणिहारी चौराहे पर हमें ट्रक ड्राइवर परमेन्द्र सिंह मिले उन्होंने बताया कि पंजाब से आलू भरकर ट्रक में लाए है और गुजरात के डीसा जाना है। गाड़ी जाम में फंस गई। ऐसे में अब नाइट यह बतानी पड़ेगी और हाईवे खुलने का इन्तजार कर रहे है।
पाली के पणिहारी चौराहे पर ASP डंडा लेकर खड़े रहे
पाली में हाईवे पर हेमावास चौराहे पर सुमेरपुर की तरफ जाने वाले रास्ते को शुक्रवार दोपहर तीन बजे से ब्लॉक किया गया है। और वाहन चालकों को हेमावास होकर जाने के लिए रास्ता दिया गया। यहां रात भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। ताकि जाम क्लियर हो सके। पाली के हेमावास चौराहे पर रात करीब 12 बजे महिला अनुसंधान सेल के ASP नरेन्द्रसिंह देवड़ा भी अपनी टीम के साथ यहां जुटे नजर आए। डंडा लेकर वे खुद हाईवे पर वाहन चालकों को गाइड करते दिखे।
महापड़ाव पर भजन गाकर बिताई रात
इधर महापड़ाव पर बैठे लोगों ने शुक्रवार की रात भजन गाकर अपनी रात बिताई वही पुलिस के जवान भी रात भी जगे रहे और सर्द रात में सड़क पर मुस्तैद नजर आए।
कलेक्टर और SP हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं
जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री और SP आदर्श सिंधु हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और महापड़ाव में बैठे लोगों से समझाइश का प्रयास जारी है।
