PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही -आबू रोड में बनास नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पालनपुर निवासी सोहन भाई पुत्र दिनेश भाई के रूप में हुई है। ये घटना सोमवार सुबह उस समय हुई जब वह अपने दोस्त के साथ घूमने आया था।
पालनपुर से घूमने आया था युवक
जानकारी के अनुसार, सोहन भाई अपने दोस्त शशि भाई पुत्र रणछोड़ भाई के साथ पालनपुर से आबू रोड घूमने आया था। सोमवार सुबह दोनों बड़े पुल स्थित साईं बाबा मंदिर के पीछे बनास नदी में नहाने उतरे थे। नहाते समय सोहन भाई गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके दोस्त शशि भाई ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों की मदद से निकाला शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। शव को मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
