
PALI SIROHI ONLINE
सांचौर-सांचौर पुलिस ने लक्ष्मण देवासी हत्याकांड में एक वांछित आरोपी महेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी महेंद्र कुमार निवासी सांचौर के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामले दर्ज हैं। यह गिरफ्तारी जिले में वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई है। इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू के निर्देशन, वृताधिकारी जयराम मुण्डेल के पर्यवेक्षण और थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह के नेतृत्व में किया गया। गठित पुलिस टीम में पुलिस चौकी सांकड़ के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी और पारंपरिक माध्यमों से लगातार निगरानी करते हुए आरोपी को दस्तयाब किया। गहन पूछताछ के बाद उसे विधिवत रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि लक्ष्मण देवासी हत्याकांड में कई आरोपी शामिल थे, जिनमें महेंद्र कुमार की सक्रिय भूमिका सामने आई थी। इस हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। महेंद्र कुमार की गिरफ्तारी से मामले की जांच को गति मिलने की संभावना है। इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।