PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही में सोमवार शाम हूटर और सायरन की आवाज गूंजते ही तहसील कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में ब्लैक आउट कर दिया गया। अचानक लाइटें बंद होने से कुछ देर के लिए आपात स्थिति जैसा माहौल बन गया। मौका था आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देश पर आयोजित हवाई हमले की मॉक ड्रिल का। कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में हुए इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखा गया। निर्धारित समय पर सायरन बजते ही पुलिस प्रशासन और नागरिक सुरक्षा की टीमों ने क्षेत्र में भ्रमण करलोगों को ब्लैक आउट के प्रोटोकॉल की जानकारी दी और उसका पालन करवाया। इस दौरान एडीएम डॉ. राजेश गोयल, एडीएम डॉ. परमजीत सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार का अभ्यास : मॉक ड्रिल में काल्पनिक हवाई हमले के दौरान 4 लोगों की मौत और 2 लोगों के गंभीर घायल होने का दृश्य तैयार किया गया। घायलों को एंबुलेंस में ही प्राथमिक उपचार देकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पूरे अभ्यास में एसडीआरएफ, पुलिस, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड और स्काउट्स की टीमों ने समन्वय के साथ रेस्क्यू और राहत कार्यों का अभ्यास किया।
कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा : कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने संचार व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा सुविधाओं तथा शांति एवं कानून व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की।

