PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही-रेवदर कस्बे में दीपावली के त्योहार के बीच सोमवार शाम करीब 6 बजे उस समय दहशत फैल गई, जब तलवारों से लैस 5-6 बदमाश एक युवक का पीछा करते हुए बाजार में घुस आए। बदमाशों को सरेआम हथियार लहराते देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शी माणक जैन ने बताया कि 5-6 बदमाशों का एक गुट सरेसी माता मंदिर से ठाकुर जी मंदिर की ओर एक युवक पर हमला करने की नीयत से उसके पीछे दौड़ रहा था। इनमें से 2-3 बदमाशों के हाथों में तलवारें थीं।
ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया
ठाकुरजी मंदिर के पास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बचा लिया। अरविन्द वैष्णव, दीपक वैष्णव, माणकचंद जैन और नटवर दर्जी सहित अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। भीड़ को अपने ऊपर भारी पड़ता देख बदमाश मौके से फरार हो गए।
पीड़ित युवक मुकेश गरासिया ने बताया कि वह उपलागढ़ (आबूरोड) का निवासी है और वर्तमान में रेवदर क्षेत्र में कृषि कार्य करता है। घटना के कुछ देर बाद युवक के साथी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी बदमाशों का पीछा किया।
पुलिस की दो टीमें बदमाशों की तलाश में जुटीं
कस्बे के बाजार में हुई इस घटना से लोगों में दहशत है। सूचना मिलते ही रेवदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। डीएसपी अशोक आंजना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस की दो टीमें रेवदर कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में फरार बदमाशों की तलाश कर रही हैं।




