PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर शहर में एक घर में चोरी का प्रयास करते युवक को परिवार के सदस्यों ने पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में आहोर रोड स्थित पिछोला बेरा स्थित एक घर में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी चोर भैरूलाल निवासी बाड़मेर से पूछताछ कर रही है।मकान मालिक निंबाराम पुत्र नेकाराम माली ने बताया- वह सुबह करीब 11 बजे दुकान जाने के लिए घर से निकल रहा था। इसी दौरान घर की ऊपरी मंजिल से कोई लोहे की वस्तु तोड़ने की आवाज सुनाई दी। ऊपर जाकर देखा तो एक युवक कमरे में रखी अलमारी खोलने और तोड़ने का प्रयास कर रहा था। इस पर वे युवक को पकड़कर नीचे ले आए।
घटना की जानकारी मिलने पर दिलीप कुमार, किशोर, ओमप्रकाश, ललित और अरविंद सहित अन्य लोग मौके पर आए। पूछताछ में युवक ने घर में चोरी का प्रयास करने की बात स्वीकार की। युवक ने खुद को बाड़मेर के राखी निवासी भैरूलाल बताया।
इसके बाद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पोपटलाल सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा, जहां लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने ले गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही हैं।

