PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-त्योहार के सीजन को देखते हुए रेलवे ने
जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में एसी के एक्स्ट्र कोच बढ़ाए हैं।
वहीं पुल कंस्ट्रक्शन के चलते जोधपुर मंडल से संचालित होने वाली चार ट्रेनें प्रभावित होंगी।
इसके साथ ही यशवंतपुर-बीकानेर एक्सप्रेस का बिरूर स्टेशन पर ठहराव 6 महीने के लिए बढ़ाया गया है।
पढ़ें रेलवे की प्रमुख खबरें…
1. मंडोर एक्सप्रेस में बढ़ाए दो एसी कोच
रेलवे ने जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में एसी श्रेणी के दो एक्सट्रा कोच अस्थाई रूप से लगाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध हो सकेगी और त्योहारों के दौरान यात्रा में सुविधा मिलेगी।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश
यादव के अनुसार गाड़ी संख्या 22491/22492 जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में यह व्यवस्था की गई है।
जोधपुर से 17 से 23 अक्टूबर तक तथा दिल्ली से 18 से 24 अक्टूबर तक ट्रेन में एक सेकंड एसी और एक थर्ड एसी इकोनॉमी कोच अतिरिक्त रूप से लगाया जाएगा।
2. पुल निर्माण कार्य से जोधपुर मंडल की चार ट्रेनें प्रभावित होंगी
पश्चिम रेलवे के वापी-भीलड़ी रेलखंड पर आरओबी के निर्माण कार्य के लिए लिए जा रहे ब्लॉक के कारण जोधपुर मंडल की चार रेलसेवाओं के संचालन पर असर पड़ेगा। इसके तहत एक रेलसेवा को रीशेड्यूल किया गया है, जबकि तीन रेलसेवाएं मार्ग में नियंत्रित रहेंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 12490 दादर-श्रीगंगानगर द्विसाप्ताहिक सुपरफास्ट 18 अक्टूबर को दादर से अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से प्रस्थान करेगी।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20495 जोधपुर-हड़पसर सुपरफास्ट 17 अक्टूबर को जोधपुर से प्रस्थान करने के बाद पश्चिम रेलवे के क्षेत्र में एक घंटा 45 मिनट रेगुलेट रहेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 21902 बाड़मेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक
सुपरफास्ट इसी दिन मार्ग में एक घंटे तथा गाड़ी संख्या 22932 जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट पश्चिम रेलवे पर 25 मिनट रेगुलेट रहेगी।
3. यशवंतपुर-बीकानेर एक्सप्रेस का बिरूर ठहराव 6 महीने बढ़ाया
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का बिरूर जंक्शन स्टेशन पर अस्थाई ठहराव छह माह के लिए बढ़ा दिया गया है। अब यह सुविधा 15 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 16587/16588 यशवंतपुर-बीकानेर-यशवंतपुर का बिरूर जंक्शन स्टेशन पर ठहराव पहले 15 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित था। अब इसे 16 अक्टूबर 2026 से 15 अप्रैल 2027 तक विस्तारित किया गया है।
ठहराव अवधि बढ़ने से बिरूर जंक्शन और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को यशवंतपुर, हुबली, जोधपुर एवं बीकानेर सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों तक सुविधा मिलेगी।




